सभी शिवालयों में होगा अभिषेक
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काशी के सभी शिवालयों में महादेव का अभिषेक किया जाएगा। पीएम के काशी विश्वनाथ धाम से निकलने के बाद से ही प्रसाद वितरण का कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। समारोह और उसके बाद के कार्यक्रमों की भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि बाबा के भोग लगे प्रसाद को पहले सभी आठ विधानसभाओं में पहुंचाया जाएगा, जहां से पहले मंडल, फिर सेक्टर इसके बाद बूथों पर पहुंचाया जाएगा। दो लड्डू वालेपैकेट को भाजपा की बूथ समिति के कार्यकर्ता सर्वप्रथम अपने बूथ अंतर्गत आने वाले मठों, मंदिरों में रहने वाले संत, महात्माओं के साथ ही हर वर्ग के लोगों तक पहुंचाएंगे।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि प्रसाद के साथ विश्वनाथ धाम के इतिहास से जुड़ी पुस्तिका, जिसमें विश्वनाथ मंदिर पर आक्रांताओं के आक्रमण, अहिल्या बाई होलकर द्वारा निर्माण एवं महाराजा रणजीत सिंह द्वारा शिखर पर सोना मढ़वाने से लेकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्वनाथ धाम के विस्तारीकरण, भव्यता और सुंदरीकरण का पूर्ण विवरण उपलब्ध होगा।