काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। नई शिक्षा नीति के अनुसार ही प्रश्नपत्रों का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष और निदेशकों की बैठक में प्रश्नपत्र के स्वरूप पर चर्चा हुई।
प्रश्नपत्र निर्माण के लिए आठ सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। बैठक में तय हुआ कि सह पाठ्यक्रम (को-करिकुलर) में सभी प्रश्न बहु विकल्पीय ही होंगे। समिति का अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मिश्र को बनाया गया है। यह कमेटी तीन दिनों में प्रश्न पत्र से संबंधित रिपोर्ट पेश करेगी और उसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि 30 जनवरी को होने वाली विद्यावारिधि (पीएचडी) प्रवेश परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी के निर्देश पर कोविड के बढ़ते संक्रमण के कारण यह निर्णय लिया गया है। स्थितियां सामान्य होने पर जल्द ही प्रवेश परीक्षा की तिथियां घोषित की जानी है।