27 प्रत्याशी नामांकन के लिए काशी विद्यापीठ पहुंचे और सभी ने नामांकन की हार्ड कॉपी जमा की। विद्यापीठ के मानविकी संकाय में प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों का सत्यापन किया गया। छात्रों का दल इंग्लिशिया लाइन तिराहे से सिगरा तक जुटा। प्रशासनिक रोक के बावजूद कार और बाइक का जुलूस निकाला गया।
छात्रों के जुलूस के कारण लगा लंबा जाम
- फोटो : अमर उजाला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रसंघ के उम्मीदवारों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियाें की सूची जारी कर दी है लेकिन अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी पर दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुलपति प्रो. एके त्यागी का कहना है वैध प्रत्याशियों की संपूर्ण सूची को पुलिस वैरिफिकेशन के लिए भेजा गया है। पुलिस वैरिफिकेशन के बाद ही अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। अगर किसी उम्मीदवार के खिलाफ कोई भी आपराधिक मुकदमा होगा तो उनकी उम्मीदवारी स्वत: निरस्त हो जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव के लिए एनएसयूआई की ओर से पैनल जारी कर दिया गया। इसमें अध्यक्ष पद पर नीरज पांडेय, उपाध्यक्ष पद पर संजय यादव, महामंत्री पद पर प्रभु पटेल और पुस्तकालय मंत्री पद पर दीपक कुमार मैदान में हैं। समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी ने पैनल जारी नहीं किया है।
छात्रसंघ चुनाव अधिकारी प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि सभी प्रत्याशियों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद वैध 25 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है।