महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा में सोमवार को एक छात्र मोबाइल फोन से नकल करते पकड़ा गया। कुलानुशासक के मुताबिक मानविकी संकाय में एमए मास कम्यूनिकेशन के छात्र और छात्रसंघ महामंत्री समीर मिश्रा के पास से मोबाइल पकड़ा गया, जिसे सील कर दिया गया।
उधर महामंत्री ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की साजिश बताया है। परीक्षा हाल तक मोबाइल जाने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा हो रहे हैं।
सुबह की पाली में एमए मास कम्यूनिकेशन की परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने से कुछ देर पहले ही कमरे में मोबाइल से नकल की सूचना कुलानुशासक प्रो. सभाजीत यादव ने बताया कि केंद्राध्यक्ष द्वारा मानविकी संकाय के एक कमरे में मोबाइल से नकल करने की सूचना मिली।
इसके बाद उड़ाका दल सदस्याें के साथ पहुंचे और तलाशी ली गई तो परीक्षा दे रहे छात्रसंघ के महामंत्री के पास से मोबाइल बरामद हुआ। उसे सील कर दिया। बताया कि इसके विरोध में वहां मौजूद शिक्षकों के साथ दुव्यर्वहार भी किया गया।
प्रेस को जारी किए गए बयान में कुलानुशासक ने न तो महामंत्री का नाम लिखा है और न ही पाठ्यक्रम और नाम। उधर महामंत्री समीर मिश्रा ने बताया कि जो मोबाइल फोन उसके पास से पकड़ा गया वह बंद था और परीक्षा से दस मिनट पहले उसने निकाला।
विश्वविद्यालय प्रशासन चाहे तो जांच करा सकता है, उससे कोई फोन परीक्षा अवधि के दौरान नहीं किया गया। बताया कि परीक्षा के दौरान छात्रों का उत्पीड़न सहित अन्य समस्याओं को लेकर मंगलवार को प्रशासनिक भवन पर धरना दिया जाएगा।