शहर में शांति व्यवस्था तथा त्योहारों के मद्देनजर काशी विद्यापीठ और महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव का स्थगित कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी नगर विनय कुमार ने काशी विद्यापीठ में गोलीबारी के बाद अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी थी। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कानून व्यवस्था के मद्देनजर शनिवार को सभी छात्रसंघ चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। चुनाव स्थगित होने की सूचना पर काशी विद्यापीठ के छात्रों ने विश्वविद्यालय में हंगामा शुरू कर दिया।
शनिवार को काशी विद्यापीठ के छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव स्थगित होने पर प्रशासनिक भवन पर जमकर हंगामा किया। छात्रों ने चुनाव अधिकारी और कुलसचिव का घेराव किया। छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन पर निर्धारित तिथि पर ही चुनाव कराने का दबाव बना रहे थे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। छात्रों ने इस मामले में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। संभावित प्रत्याशियों का कहना था कि जिला प्रशासन ने दबाव में आकर चुनाव को स्थगित किया है। वहीं, कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य का कहना है कि चुनाव को स्थगित करने का आदेश जिलाधिकारी ने जारी किया। आदेश का पालन कराया जाएगा।
ये है मामला
काशी विद्यापीठ छात्रसंघ का चुनाव चार नवंबर, हरिश्चंद्र पीजी कालेज का चुनाव 16 नवंबर और यूपी कॉलेज का चुनाव 18 नवंबर को प्रस्तावित था। गुरुवार को काशी विद्यापीठ के मानविकीय संकाय में छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इसी दौरान एक छात्र ने गोलीबारी कर दी। दो छात्र घायल भी हो गए थे। 14 से अधिक छात्रों पर मुकदमा दर्ज किया गया।