महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2017-18 में दाखिले के लिए 21 पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा नहीं कराई जाएगी। इनमें निर्धारित सीट से कम आवेदन आने की वजह से विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षाओं की शुरूआत भी गुरुवार से हो रही है। पहले दिन बीएससी, बीम्यूज और बीएफए की प्रवेश परीक्षाएं होंगी।
विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर में इस बार 52 पाठ्यक्रमों के लिए कुल 30270 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 31 पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। इन पाठ्यक्रमों में 3345 सीट के सापेक्ष कुल 28444 आवेदन आए हैं।
इस बार सबसे अधिक बीकॉम में 157 सीट के लिए 5727 और इसके बाद बीए में 938 सीट के लिए 5363 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सबसे कम की बात की जाए तो एडवांस डिप्लोमा इन रशियन में 20 सीट के सापेक्ष एक और डिप्लोमा इन रशियन में 20 के सापेक्ष पांच आवेदन आए हैं।
पहले दिन बीएससी, बीम्यूज और बीएफए की परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को पहले दिन बीएससी, बीम्यूज और बीएफए की प्रवेश परीक्षा दस केंद्रों पर कराई जाएगी। कुलसचिव ने बताया कि इसमें 5213 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बीएससी मैथ्स की 175 सीट के लिए 2970, बायो की 60 सीट के लिए 1722 और बीम्यूज में 25 सीट के लिए 58 और बीएफए में 50 सीट के लिए 463 ने आवेदन किया है। बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।