महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी टूर्नामेंट में बुधवार को चार मैच खेले गए। मेजबान विद्यापीठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने दोनों मुकाबले जीते। वहीं, वीबीएस पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने कांटे की टक्कर में यूनिवर्सिटी ऑफ बर्धवान को 26-25 से हराया।
दिन के इस पहले मुकाबले में बर्धवान और पूर्वांचल दोनों ही टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। एक-एक अंक के लिए जबरदस्त टक्कर हुई और आखिरकार पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने एक अंक के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेजबान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और उत्कल यूनिवर्सिटी के बीच हुए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 45-16 के अंतर से जीत दर्ज की।
विद्यापीठ का अगला मुकाबला यूनिवर्सिटी ऑफ बर्धवान से हुआ। इसमें भी मेजबान टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 32-18 से जीत हासिल की। दिन के चौथे और आखिरी मुकाबले में उत्कल यूनिवर्सिटी ने वीबीएस पूर्वांचल विश्वविद्यालय को जबरदस्त टक्कर देते हुए 25-23 से पराजित किया।