पहले दिन उड़ान भरने वाले सभी जाइरीन ने किया रिपोर्ट
- फोटो : Demo
काशी से काबा की मुकद्दस हज की उड़ानें शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। पहले दिन दो फ्लाइट से 137-137 हज यात्री काशी से काबा की सरजमीं पर कदम रखेंगे। इन सभी जाइरीन ने बुधवार को अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया।
वाराणसी के सांस्कृतिक संकुल में बने अस्थाई हज हाउस में कारी मुहम्मद मुश्ताक की दुआओं के साथ बुधवार को बुकिंग का काम शुरू हुआ। हज जाइरीन को इस बार सऊदी की एयरलाइंस फ्लाई नास से काशी से काबा होकर ले जाया जाएगा।
हज की मुकद्दस यात्रा 20 जुलाई से शुरू हो रही है। पहले दिन दोपहर 2:05 बजे और 3:05 बजे की दो फ्लाइट हैं। इस लिहाज से शुक्रवार को सुबह दस बजे से जाइरीन की रवानगी एयरपोर्ट के लिए शुरू हो जाएगी। जुमे की नमाज सभी जाइरीन बाबतपुर एयरपोर्ट पर अदा करेंगे।
हजयात्रा के मद्देनजर अस्थाई हज हाउस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सेंट्रल हज कमेटी और स्टेट हज कमेटी के अस्थाई कार्यालयों ने काम करना शुरू कर दिया है। अस्थाई पुलिस चौकी, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के दफ्तर खुल गए हैं। सांस्कृतिक संकुल में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया व बॉम्बे मर्केंटाइल कोआपरिेटिव बैंक के काउंटर खुल गए हैं।