फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी का जीवंत दर्शन सिर्फ 30 मिनट में

Thu, 23 Jul 2015 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, वाराण्ासी
विज्ञापन
विज्ञापन
बीएचयू के भारत कला भवन में आने वाले दिनों में पर्यटक पैनोरमा के जरिये बनारस के घाट और गलियों में घूमने का एहसास कर सकेंगे। यूपी के पर्यटन मंत्रालय की इस योजना को साकार करने के लिए भारत कला भवन ने चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। कोलकाता की साइंस सिटी के बाद यह देश का दूसरा पैनोरमा होगा, जिसमें काशी की तसवीरों का डिजिटल स्लाइड शो दिखाया जाएगा। पर्यटक महज 30 मिनट में काशी का जीवंत दर्शन कर सकेंगे। 
विज्ञापन


भारत कला भवन परिसर में प्रस्तावित 30 फीट लंबे और इतने ही चौड़े थिएटर के अर्द्धचंद्राकार पटल पर तीन तरफ से स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके बीच करीब 30-40 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस पैनोरमा में पर्यटकों को तस्वीरों से बने डिजिटल स्लाइड शो के जरिये गंगा आरती, घाट, सारनाथ, भारत माता मंदिर, डीरेका, रामनगर किला आदि का जीवंत दर्शन कराया जाएगा। इसके अलावा, वे बीएचयू के साथ ही तुलसी और कबीर की तपस्थली की सैर कर सकेंगे। रानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली भी दिखाई जाएगी।

इन जगहों की विशेषताएं स्लाइड शो के साथ ही साथ आधुनिक साउंड सिस्टम के जरिये पर्यटकों को बताई जाएंगी। स्लाइड शो प्रस्तुत करने के लिए थियेटर में पांच प्रोजेक्टर लगेंगे। तसवीरें इस तरह घूमती रहेंगी कि उस पैनोरमा के बीच बैठे लोग खुद को उन स्थलों या गलियों में होने का एहसास कर सकें। भारत कला भवन के निदेशक  प्रो. एके सिंह ने बताया कि पिछले साल सितंबर में कैंपस मेें आयोजित एक कार्यक्रम में आए पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने पैनोरमा स्थापित करने का प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा था। अब यह प्रस्ताव यूपी के पर्यटन विभाग को भेज दिया गया है। निदेशक ने बताया कि इस तरह का पैनोरमा नीदरलैंड और जर्मनी में भी है। यह काशी में पर्यटकों के लिए अलग तरह का तोहफा साबित होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें