सखी री बांके बिहारी से हमारी लड़ गई अखियां, बचाई थी बहुत लेकिन निगोड़ी लड़ गई अखियां... की धुन जब दिल्ली की भजन गायिका निकुंज कामरा ने छेड़ी तो श्याम भक्त भी झूम उठे। श्री श्याम मंदिर के स्वर्ण जयंती वर्ष पर शनिवार को श्री श्याम मंडल की ओर से आयोजित स्वर्णिम शरद महोत्सव की शाम हर किसी के लिए यादगार रही।
श्याम भजनों की रसधार में देर शाम तक श्रोता आनंद उठाते रहे। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को मुख्य अतिथि बैजनाथ भालोटिया व रमेश कुमार चौधरी, दीपक बजाज ने दीप जलाकर स्वर्णिम शरद महोत्सव की शुरुआत की। इसके बाद निकुंज कामना ने श्याम धुन की रसभरी फुहार की बरसात से श्याम भक्तों के अंतर्मन को भिगो दिया।
पूरा ह\ल हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। आरुषि गंभीर ने भजन लूट के ले गया दिल जिगर सांवरा जादूगर, जय जय श्यामा जय जय श्याम जय जय श्री वृंदावन धाम..., मेरो प्यारो नंदलाल किशोरी राधे... के भजनों से सबका मन मोह लिया। कोलकाता से आए मालियों ने श्री श्याम प्रभु की अद्भुत झांकी सजाई गई।
प्रभु को 56 प्रकार का भोग लगाकर भक्तों में वितरण हुआ। रात्रि में प्रभु की आरती उतारी गई। इस दौरान बैजनाथ भालोटिया, रमेश कुमार चौधरी, महावीर प्रसाद बजाज, सुमन कुमार सिंधी, प्रमोद कुमार बजाज, राजेश तुलस्यान, शिव कुमार लोहिया, दीपक बजाज, अजय खेमका, सुरेश तुलस्यान, प्रमोद बजाज, पवन अग्रवाल, पंकज तोदी, अजय यादुका, कन्हैया लोहिया मौजूद रहे।
मां लक्ष्मी का सजा अन्नकूट दरबार
- फोटो : अमर उजाला
श्री श्री यंत्रम समिति के तत्वावधान में शनिवार को मां महालक्ष्मी का अन्नकूट महोत्सव का आयोजन हुआ। लक्ष्मीकुंड स्थित मां लक्ष्मी के मंदिर प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाकर माता रानी को प्रसाद चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया गया। भक्तों ने जय-जयकारे के बीच मां के भव्य स्वरूप का दर्शन पूजन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
शनिवार को भोर में मां के विग्रह को पंचामृत स्नान कराने के लिए भव्य शृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद दोपहर में माता के अन्नकूट महोत्सव की झांकी सजाई गई। उपमहंत पं. अवशेष पांडेय कल्लू महाराज ने महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर के महंत पं. शिव प्रसाद पांडेय ने बताया कि आज का यह माता का दर्शन बड़ा सुखदायी होता है। रविवार को भक्तों में माता के अन्नकूट महोत्सव के प्रसाद का वितरण किया जाएगा।