मऊ जिले के सदर तहसील में तैनात एक कानूनगो का जमीन की पैमाइश के लिए सुविधा शुल्क मांगने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो दस जुलाई का बताया जा रहा है। डीएम अमित बंसल ने इसे गंभीरता से लेते हुए कानूनगो को निलंबित करने का एसडीएम सदर को निर्देश दिया। मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी है।
सदर तहसील के पहसा और चकरा हलके में तैनात कानूनगो राजेश सिंह को गांव का प्रभार दिया गया है। वायरल वीडियो में कानूनगो पैमाइश के लिए किसान से रुपये की मांग कर रहा है। वीडियो में केवल कानूनगो का चेहरा दिखाई दे रहा है, जबकि जिस किसान से कानूनगो की बात हो रही है, उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है। बातचीत में किसान ने अपने नाम और गांव के विषय में कोई चर्चा नहीं की है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही खलबली मच गई। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कानूनगो राजेश सिंह को निलंबित करने का एसडीएम सदर को निर्देश दिया। सदर एसडीएम जयप्रकाश यादव का कहना है कि कानूनगो राजेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। नायब तहसीलदार को जांच सौंपी गई है। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।