पीएम सूर्यघर योजना में गाजीपुर, जौनपुर में प्रगति न होने पर जताई नाराजगी
पीएम सूर्यघर योजना में गाजीपुर और जौनपुर में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर इंस्टालेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को भी अपने स्तर से भी समीक्षा कर तेजी लाने को कहा। वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना में चंदौली और गाजीपुर में जियो टैगिंग में गड़बड़ी मिली। सीडीओ के उचित कारण नहीं बताने पर कड़ी नाराजगी जताई। डे-एनआरएलएम योजना में चंदौली को सी-ग्रेड मिलने पर जिलाधिकारी चंदौली ने बताया कि शासन से पैसा स्वीकृत होते ही योजना में तेजी लाई जाएगी।
गाजीपुर और जौनपुर में सेतुओं के निर्माण में देरी पर मांगी रिपोर्ट
गाजीपुर और जौनपुर में सेतुओं के निर्माण में देरी पर अधीक्षण अभियंता लोकनिर्माण से रिपोर्ट मांगी। मंडलायुक्त ने तेजी से कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी जौनपुर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता, रोड कटिंग, ओवरहेड टैंक इंस्टाल न होने की शिकायत की। मंडलायुक्त ने जल जीवन मिशन के अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यालय पर रोककर न रखें उर्वरक
मंडलायुक्त ने गाजीपुर और चंदौली में उर्वरकों का वितरण में तेजी लाने को कहा। कहा कि अनावश्यक रूप से उर्वरकों को मुख्यालय पर रोककर न रखें। समितियों को आवंटित करते रहें। धान खरीद के लिए किसानों के तहसील स्तर पर सत्यापन में भी तेजी लाएं। क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर खरीद में तेजी लाएं। मक्का, दलहन, तिलहन इत्यादि की खरीद तथा भंडारण सरकारी रेट पर करने के लिए क्रय केंद्र खोलें। पूर्वांचल विकास निधि के लंबित कार्यों में तेजी लाने के साथ ही प्रोजेक्ट्स के वर्तमान स्टेटस से अवगत कराने को कहा।