प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में अधिकारियों और शिक्षा माफिया की मिलीभगत से चल रहे फर्जीवाड़े की परतें खुलने लगी हैं। शासन के निर्देश पर शुरू हुई जांच में तरह-तरह के खुलासे हो रहे हैं। कहीं बिना मान्यता के स्कूल चल रहे हैं तो कहीं प्राइमरी की मान्यता पर जूनियर हाईस्कूल खोल दिए गए हैं। सेवापुरी ब्लॉक में ऐसे कई स्कूल संचालित होते पाए गए हैं। अब इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
एबीएसए की ओर से कराई जा रही जांच में सेवापुरी में एक दिन पहले बिना मान्यता के चल रहे 22 स्कूलों की हकीकत सामने आई थी। अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में इसे प्रमुखता से प्रकाशित भी किया। अब जांच में कई ऐसे स्कूल भी पाए गए हैं, जिनकी मान्यता तो प्राइमरी की है लेकिन वहां पढ़ाई जूनियर हाईस्कूल तक हो रही है। अपने यहां बच्चों का दाखिला लेने के बाद उनकी परीक्षा मान्यता प्राप्त किसी दूसरे स्कूल से दिलाते हैं। प्रारंभिक जांच में अदमापुर, अमिनि और बरकी में ऐसे तीन स्कूल पाए गए हैं। सूत्रों का मानना है कि ऐसे स्कूलों की संख्या दर्जन भर से ज्यादा है।