वाराणसी। सावन के अंतिम दिन श्रावणी पूर्णिमा पर शुक्रवार को काशी के शिवालयों में आस्था और भक्ति का रंग नजर आया। सुबह से ही गंगा स्नान और शिव दर्शन के लिए घाटों व मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गौरी केदारेश्वर महादेव का 51 किलो पंचमेवा से विशेष श्रृंगार किया गया, तो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में झुलनोत्सव की झांकी सजी। कांवड़ियों ने बाबा विश्वनाथ और मार्कंडेय महादेव का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा का झुलनोत्सव श्रृंगार किया गया। सावन के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। कांवड़ियों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। केदारघाट स्थित गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर में बाबा का विशेष पंचमेवा श्रृंगार किया गया। इसके लिए 51 किलो पंचमेवा का प्रयोग किया गया। आकर्षक श्रृंगार के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन-पूजन किया। तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर में फूलों से विशेष श्रृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया।