बलिया के नरही थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा कारोबारी को रास्ते में रोककर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत है।
नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव निवासी आशीष वर्मा की इलाके में ज्वेलरी की दुकान है। शनिवार को रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद वह घर जा रहे थे। इसी दौरान कुमकुम पट्टी उजियार गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आशीष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।