बलिया के दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित राजबंशी देवी हरिजन बाल विद्यालय परिसर में शनिवार शाम कबड्डी प्रतियोगिता देखने गए युवक पर नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दो गोलियां पीठ में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को सीएचसी सोनबरसा से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दलन छपरा निवासी सोनू यादव (18) पुत्र विनोद यादव शनिवार शाम राजबंशी देवी हरिजन बाल विद्यालय में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता देखने गया था। वह विद्यालय परिसर में बैठकर मैच देख रहा था। इसी दौरान पीछे से पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं, जो सोनू की पीठ में लगीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।