JEE Advanced Result 2025: अक्षत चौरसिया ने कहा कि 900 किलोमीटर दूर कोटा में लाखों बच्चों के बीच निराश भी हुए। लेकिन अपनी मेहनत और लगन की बदौलत उन्होंने जेईई एडवांस्ड 2025 में ऑल इंडिया छठवीं रैंक हासिल कर परिवार का नाम रोशन कर दिया।
जेईई एडवांस्ड 2025 में ऑल इंडिया छठवीं रैंक हासिल करने वाले काशी के अक्षत चौरसिया देश को तकनीकी गुरु बनाना चाहते हैं। हर भारतीय को टेक्नो फ्रेंडली बनाकर अलग तरह की डिजिटल दुनिया का सपना देख रहे हैं।
विज्ञापन
अमर उजाला से अक्षत ने कहा कि घर से 900 किलोमीटर दूर कोटा में लाखों बच्चों के बीच निराश भी हुए। बनारस के घाटों पर रोया भी, लेकिन शिक्षकों से इतना जुड़े रहे अब आईआईटी बॉम्बे में पढ़ाई का ख्वाब पूरा कर सात जून को बनारस आ रहे हैं।
चेतगंज के बाग बरियार में अक्षत का घर है। अक्षत ने बताया कि वह कुछ इनोवेशन करना चाहता है। वह कंप्यूटर साइंस ब्रांच से पढ़ाई करेंगे। अक्षत की मां वैशाली चौरसिया ने कहा कि वह एक कमरा लेकर पढ़ाई करता था। बनारस में डिविजनल मैनेजर पिता मनोज कुमार के साथ ही ट्रिपल आईटी-भागलपुर से बीटेक कर चुकीं दीदी का बहुत सपोर्ट रहा।
10वीं तक पढ़ाई बनारस से हुई, उसके बाद 11-12वीं कोटा से की। अक्षत ने 10वीं कक्षा 97.2 प्रतिशत और 12वीं कक्षा 97 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में अक्षत को गणित और रसायन विज्ञान में 100 में से 100 अंक मिले। जेईई मेन्स 2025 में ऑल इंडिया रैंक 72 हासिल की थी।