जौनपुर एसडीएम रमापति की पत्नी ने शुक्रवार को तहसील परिसर स्थित आवास पर विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उनकी स्थिति गंभीर है। उन्हें जौनपुर से वाराणसी रेफर किया गया है। उपजिलाधिकारी रमापति के मुताबिक उनकी पत्नी रजनी काफी दिनों से अवसाद व मानसिक बीमारी की शिकार है ।
शुक्रवार को रजनी ने अचानक विषाक्त पदार्थ खा लिया। यह बात बेटी व परिचारकों को पता चली तो कार्यालय में बैठे एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम आवास पर आए और पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे, लेकिन वह जाने के लिये तैयार नहीं हुई।
अंत में महिला पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. फरीद सिद्दीकी ने स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन उप जिलाधिकारी पत्नी को एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए जहां उन्होंने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
एसडीएम का कहना है कि अवसाद व मानसिक रूप से बीमार पत्नी कुछ माह पहले आवास पर प्रताड़ित किये जाने की शिकायत कर पुलिस भी बुला चुकी हैं। उन्होंने आवास से भागने का प्रयास भी किया था तो तहसील कर्मी किसी तरह वापस लाये थे।