केराकत नगर पंचायत के चेयरमैन ने भी नौ जुलाई को सैंपल दिया था। उनमें भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। केराकत नगर के ही नरहन, नालापार और सरायवीरु निवासी तीन युवकों में भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। नालापार मोहल्ले में तीन मरीज पहले भी मिले थे। लगातार मरीजों की बढ़ती संख्या से नगर के लोग सहमे हुए हैं।
उधर, जिला अस्पताल में कार्यरत 55 वर्षीय स्टाफ नर्स भी कोरोना से संक्रमित पाई गई है। यहां उपचार के लिए भर्ती पुरानी बाजार और बदलापुर निवासी दो मरीजों का भी सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था, दोनों पॉजिटिव आए हैं। बीडीओ बरसठी कार्यालय में तैनात सफाईकर्मी व दफ्तरी में कोरोना का संक्रमण मिला है।
बीडीओ राजन राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को दफ्तर बंद रहेगा। पूरे दिन सैनिटाइजेशन का कार्य होगा। इनके अलावा सुजानगंज बाजार में एक, बरसठी में एक, रामनगर के गुतवन गांव में तीन, जलालपुर और कुछमुछ में एक-एक, करंजाकला के सिद्दीकपुर में एक मरीज पाया गया है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को 19 नए पॉजिटिव केस आए हैं। पहले से भर्ती 19 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।