वाराणसी में पर्यटकों के साथ चोरी, छिनैती की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। 15 दिन के भीतर उचक्कों ने शुक्रवार को दोबारा जापानी पर्यटक को निशाना बनाया।
कैंट रेलवे स्टेशन परिसर पर दिनदहाड़े बाइक सवार उचक्के पर्यटक का बैग छीनकर फरार हो गए। जीआरपी उनकी तलाश में इधर-उधर भटकती रही लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।
पांडेयघाट स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे जापानी पर्यटक ताकूमी एडी अपने एक मित्र के साथ रिजर्वेशन टिकट लेने के लिए दोपहर में कैंट स्टेशन पहुंचे थे। आरक्षण केंद्र पर पर्यटक को बताया गया कि उन्हें पूछताछ काउंटर के पास स्थित आईटीबी (इंटरनेशनल टूरिस्ट ब्यूरो) से टिकट मिलेगा।
जापानी पर्यटक ने पर्यटक पुलिस को बताया कि आईटीबी जाते समय इंडियन बैंक के एटीएम के पास उसे दो बाइक सवारों ने रोक लिया। कुछ देर बातों में उलझाने के बाद बैग छीनकर दोनों फरार हो गए। इसके बाद पर्यटक पुलिस ने उसे जीआरपी थाने पहुंचाया।
उसकी शिकायत के आधार पर जीआरपी ने तत्काल सर्कुलेटिंग एरिया व प्लेटफार्मों पर आरोपियों की तलाश शुरू की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। बाद में बैग चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। पर्यटक के बैग में ड्रोन कैमरा, हाई डेफिनेशन कैमरा और आई फोन था।