Sonbhadra News: सियार के हमले की सूचना पाते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। अपना बचाव करते हुए ग्रामीणों ने पीट-पीट कर सियार का मार डाला।
सोनभद्र के कोतवाली क्षेत्र के खरुआंव गांव में गुरुवार सुबह विद्यालय आ रहे छात्रों पर एक सियार ने हमला कर दिया। इसमें एक छात्र जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने सियार को मार डाला।
विज्ञापन
सुबह करीब 8.30 बजे छात्र-छात्राएं कंपोजिट विद्यालय खरुआंव जा रहे थे। करीब 20 छात्र-छात्राएं आगे पीछे होकर चल रहे थे। इस दौरान घोरावल-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर एक सियार पुलिया के पास से निकला और छात्र-छात्राओं को दौड़ा लिया। इससे भगदड़ मच गई।
कक्षा सातवीं का छात्र सोहित (13) सियार के चंगुल में फंस गया। सियार ने सोहित के पैर में काट लिया। आसपास के ग्रामीणों ने खदेड़ा तो सियार ने उन्हें भी दौड़ा लिया। सियार पास में गन्ने के खेत में छिप गया। गांव में शोर मचा कि भेड़िया आया है।
विज्ञापन
इसके बाद ग्रामीणों ने सियार को लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। सोहित को सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया गया। वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद ने बताया कि सियार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।