बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र्र और विश्वेश्वरैया इंस्टीट्यूट, नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष व्याख्यान में जीवन में सफलता के लिए युवाओं को संघर्षरत रहने का आह्वान किया गया। मुख्य वक्ता बिहार के शिक्षाविद और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए हमेशा बड़े सपने देखने की जरूरत है। इसके लिए संघर्ष भी करते रहना होगा।
स्वतंत्रता भवन सभागार में रि-इमेजिंग एजूकेशन विषय पर आयोजित व्याख्यान में आनंद कुमार ने खुद के जीवन में संघर्षों से मिली सफलता के बारे में भी युवाओं को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हमेशा सकारात्मक सोच, कठिन प्रयास, प्रबल प्रयास और धैय। इनको मुख्य आधार बनाकर काम करते रहने की जरूरत है। उन्होंने वैदिक गणित की उपयोगिता को बताते हुए कहा कि वैदिक गणित आधुनिक विज्ञान के लिए बहुत ही उपादेय और इसके शिक्षण एवं प्रशिक्षण विज्ञान के लिए अत्यंत उपादेय है। इस दौरान बीएचयू, आईआईटी बीएचयू के छात्रों के साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने परीक्षा संबंधी तैयारी पर सवाल पूछे। अध्यक्षता बीएचयू आयुर्वेद संकाय के प्रमुख प्रो. केएन द्विवेदी ने की। इस दौरान प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी, डॉ. वीआर मिश्रा, प्रो. मृत्युंजय देव पांडेय, प्रो. ब्रज भूषण ओझा, डॉ. अजीत मिश्रा आदि मौजूद रहे।