कोलकाता और हावड़ा निवासी सट्टेबाज बीते कुछ दिन से महमूरगंज स्थित डिडवानिया अपार्टमेंट के छठे मंजिल पर फ्लैट नंबर 604 में रह रहे थे। क्राइम ब्रांच प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय को बृहस्पतिवार की रात पता लगा कि किंग्स एलेवन पंजाब और हैदराबाद के मैच में डिडवानिया अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 604 में दांव लगाया जा रहा है।
इस सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने सिगरा इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ओझा व नगर निगम चौकी इंचार्ज रामनरेश यादव की टीम के साथ फ्लैट में छापा मारा। मौके से आशीष तिवारी, अश्विनी कुमार असमपुरिया, प्रतीक शर्मा, बलदेव सोनी, गौतम चौधरी, नवल मेहरा, अश्विनी तिवारी, चंदन यादव, संदीप कुमार चौहान, सौरभ सिंह, मनीष तिवारी और राजदेव चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
सभी 12 आरोपी हावड़ा और कोलकाता के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मैच शुरू होने से पहले ही भाव तय करते थे। जीत और हार के बाद क्लाइंट से पैसे की वसूली और पैसे बांटने का काम करते थे। बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल और डायरी में दर्ज विवरण की मदद से पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।