फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में बुधवार को बीएचयू आईआईटी की छात्रा संग हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट में इस मामले के विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव उपस्थित हुए। इस मामले में गवाह विवेचक से आरोपी कुणाल पांडेय व सक्षम पटेल के अधिवक्ता अजय सिंह की तरफ से जिरह की गई। जिरह जारी रखते हुए 17 अप्रैल की तिथि नियत की गई है। अभियोजन की तरफ से एडीजीसी मनोज गुप्ता मौजूद रहे।
प्रकरण के अनुसार बीएचयू परिसर में दो नवंबर 2023 की रात आईआईटी छात्रा के साथ बाइक सवार तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने तीनों के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल का नाम प्रकाश में आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया।
इस मामले में विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव का बयान पहले ही हो चुका था, जिरह होना शेष था। मगर आरोपियों ने पहले पीड़िता की जिरह करने की गुहार लगाई थी। पीड़िता और उसके साथी के बचाव पक्ष से जिरह पिछली तिथियों पर पूरी होने के बाद अन्य गवाहों में पहले विवेचक को तलब किया गया।