भदऊचुंगी तिराहे के पास बुधवार अपराह्न स्कूटी से टकराकर मालवाहक ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। वहीं स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद कज्जाकपुरा-राजघाट मार्ग कुछ देर के लिए जाम हो गया। सभी घायल को कबीर चौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पड़ाव के रहने वाले राजू (25) कैंट रोडवेज से अपने मालवाहक ऑटो में सवारी बैठाकर दुल्हीपुर की ओर जा रहा था। भदऊचुंगी तिराहे के पास सामने से आ रहे चौकाघाट निवासी शिवपूजन केसरी की स्कूटी में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया।
हादसे में चालक राजू, अल्ताफ हुसैन (24) निवासी गाजीपुर, त्रिलोकी राम (40) निवासी दुल्हीपुर, फतेह हुसैन (65) निवासी जमनिया गाजीपुर, निजामुद्दीन निवासी (65) निवासी चंदौली के अलावा एक अज्ञात घायल हो गया। आसपास के लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को मंडलीय अस्पताल भिजवाया।