निशानेबाजी को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे शूटिंग रेंज खोले जाएं। एक जगह बड़ा शूटिंग रेंज बनाने के बजाए अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे शूटिंग रेंज से अधिक खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के मौके मिलेंगे।
यह कहना है अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज गगन नारंग का। रविवार को यहां सामनेघाट स्थित सनबीम एकेडमी में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में आए नारंग ने कहा कि भारत में खेल का चेहरा तेजी से बदल रहा है।
लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जितने वाले इस खिलाड़ी ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब चार साल नहीं बल्कि आठ साल आगे की सोच के साथ खिलाड़ी तैयारी में जुटे हैं। सबका ट्रेनिंग प्लान जमा हो गया है। सुव्यवस्थित तैयारी के आगे चलकर निश्चित रूप से बेहतर नतीजे सामने आएंगे।
नारंग ने कहा कि रियो ओलंपिक की गलतियों से सबक लेकर आगे बढ़ा जा रहा है। शूटिंग की तैयारी अच्छी चल रही है। जूनियर टीम अच्छा कर रही है। ओलंपिक से पहले कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।