वाराणसी जिले के छितौनी गांव में सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत के बाद सड़क जाम करने के मामले में कोटवां पुलिस चौकी प्रभारी मोहम्मद परवेज ने सतीश विश्वकर्मा, प्रदीप प्रजापति, पूर्व ग्राम प्रधान ओमप्रकाश शर्मा उर्फ डब्बू, रंजीत विश्वकर्मा, संजय प्रजापति, सुनील प्रजापति और प्रकाश राजभर समेत 40–50 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, दो मार्च को छितौनी गांव निवासी दिनेश प्रजापति का 12 साल का बेटा साहिल प्रजापति घर से सामान खरीदने निकला था। इसी दौरान गांव के एक युवक ने मोपेड से उसे टक्कर मार दी, जिससे साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई।
तीन मार्च को पोस्टमार्टम के बाद साहिल का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर दोपहर करीब 1.45 बजे लहरतारा–अकेलवा मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे जाम समाप्त हुआ। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि सड़क जाम करने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।