Varanasi News: वाराणसी जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के बाद संस्कृत बोर्ड की कॉपियां जांची जाएंगी। इसके लिए 2000 से ज्यादा परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कॉपियों का मूल्यांकन जीजीआईसी मलदहिया में होना है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। शनिवार से कॉपियों का मूल्यांकन होना था लेकिन मूल्यांकन केंद्र पर यूपी बोर्ड की परीक्षा होने के कारण मूल्यांकन कार्य टालने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव को पत्र लिखकर मूल्यांकन 12 मार्च के बाद कराने का अनुरोध किया है।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी को समाप्त हो गईं। बोर्ड निदेशालय की ओर से 7 मार्च से मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए गए थे। मूल्यांकन पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलदहिया में होना था। उधर, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं अभी चल रही हैं। 7 मार्च को जीजीआईसी मलदहिया में बने केंद्र में परीक्षा होनी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि संस्कृत बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 12 मार्च के बाद कराया जाए। बोर्ड के सचिव की ओर से अनुमति मिलने के आसार भी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि संस्कृत बोर्ड की कॉपियों की जांच के लिए 2000 से अधिक शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। मूल्यांकन की तैयारियां पूरी हैं, लेकिन यूपी बोर्ड परीक्षा बीच में होने के कारण मूल्यांकन 12 मार्च के बाद कराया जाएगा।