अब वाहन स्वामियों को अपने वाहन की फिटनेस और नवीनीकरण के लिए जेब ढीली करनी पडे़गी। एक अप्रैल से छोटे-बडे़ सभी वाहनों की फिटनेस और नवीनीकरण के 700 से 35 हजार रुपये अधिक फीस चुकानी पड़ेगी। नए वाहनों के पंजीकरण की फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश चतुर्वेदी के अनुसार, मोटरसाइकिल नवीनीकरण के लिए पहले 300 देना पड़ता था, अब इसके लिए 1000 हजार रुपये, तीन पहिया के लिए 600 रुपये की जगह 2500 रुपये, आयातित दो पहिया के लिए 2500 रुपये की जगह 10 हजार रुपये, आयातित चार पहिया के लिए 5000 हजार की बजाय 40 हजार रुपये और अन्य किसी वाहन के 3000 रुपये की जगह 6000 रुपये देना होगा। वहीं हल्के वाहन के लिए 100 रुपये की कटौती की गई है। जिसका पहले 600 रुपये शुल्क था अब 500 रुपये कर दिया गया।
इसी तरह वाहनों के निरीक्षण और फिटनेस के लिए पहले जिस मोटरसाइकिल का 600 रुपये होता था अब उसके लिए 1400 रुपये देने हाेंगे, तीन पहिया के लिए 600 के बजाय अब 4300 रुपये, चार पहिया के लिए 800 के बजाय 8300 रुपये, मध्यम यात्री वाहन के लिए 800 रुपये की जगह अब 10800 रुपये और भारी यात्री वाहन के लिए 800 रुपये की जगह अब 13500 रुपये देने हाेंगे। वाहनों के प्रमाणपत्रों की अवधि समाप्त होने बाद प्रतिदिन के हिसाब से 50 रुपये विलंब फीस भी वसूली जाएगी।