फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जी-7 सम्मेलन में काष्ठ कला और गुलाबी मीनाकारी के मुरीद हुए राष्ट्राध्यक्ष

विज्ञापन
विज्ञापन
कला, संस्कृति और धर्म की नगरी काशी का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंज रहा है। जर्मनी में जी-7 सम्मेलन में काशी के जीआई उत्पादों में शामिल गुलाबी मीनाकारी और काष्ठ कला ने चमक बिखेरी है। इन उपहारों के जरिये पीएम मोदी ने एक बार फिर काशी की संस्कृति, कला और विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। काशी के राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त कलाकारों ने इन्हें अपने हाथों से तैयार किया है।
विज्ञापन

18 दिन में तैयार हुआ राम दरबार
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को उपहार में दिया गया राम दरबार ओमप्रकाश शर्मा और उनके परिवार ने तैयार किया है। चार पीढ़ियों से एक इंच से लेकर सात फीट तक के लकड़ी के उत्पाद तैयार करने के लिए यह परिवार प्रसिद्ध है। गूलर की लकड़ी से बिना किसी मशीन के इस्तेमाल से उत्पाद पूरी तरह हस्तनिर्मित है। कलाकृति में प्रमुख पात्र श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, बजरंगबली और जटायु हैं। इसे बनाने में 18 दिन का समय लगा। इसका ऑर्डर यूपी हैंडक्राफ्ट के जरिये दिया गया था।
गुलाबी मीनाकारी की विदेशों में खूब मांग
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को उपहार में दी गई गुलाबी मीनाकारी की मांग देश के अलग-अलग हिस्सों में है। इसे राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त रमेश कुमार विश्वकर्मा के परिवार ने 16 दिन में तैयार किया है। काशी के जीआई उत्पादों के विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत बताते हैं कि इससे पहले भी पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति की पत्नी ब्रिजेट मैक्रों को गुलाबी मीनाकारी के झुमके भेंट कर चुके हैं। काशी की इस कला के बिल क्लिंटन भी मुरीद हैं। हैदराबाद में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में वह काशी के श्याम दास और उनके पिता राम जी प्रसाद द्वारा बनाए गए गुलाबी मीनाकारी के शतरंज के कायल हो गए थे। यहीं नहीं भैरव गली निवासी अमरनाथ वर्मा को अबुधाबी के शेख ने न्योता देकर अपने यहां बुलाया और अपने सिंघासन में गुलाबी मीनाकारी करवाई।
विज्ञापन

जीआई उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर हैं पीएम
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि प्रधानमंत्री हर अंतरराष्ट्रीय दौरे पर जीआई उत्पादों को तोहफे में भेंट करते हैं। जिसकी वजह से कारोबार बढ़ा है। इसका पूरा श्रेय पीएम को जाता है। वह एक तरह से जीआई उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य कर भारत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें