बाबा की नगरी में अखिलेश का रोड शो।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा हिंदुत्व को मुख्य मुद्दा बनाकर वोट सहेजने में लगी है तो अब अखिलेश भी इसमें पीछे नहीं हैं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रोड शो के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में डमरू बजाया तो वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसके जवाब में हाथ में बाबा का त्रिशूल और डमरू लेकर काशी की जनता का दिल जीत लिया।
समर्थक भी अखिलेश के इस नए अंदाज को देख खुश नजर आए। उत्साह से लबरेज समर्थकों ने अखिलेश के हाथ में त्रिशुल-डमरू देख हर हर महादेव का जयघोष किया। समाजवादी रथ के शीशे से बाहर अखिलेश यादव ने त्रिशूल पर डमरू बांधकर जैसे ही बाहर हाथ निकाला तो वहां लोगों ने हर हर महादेव का जयघोष किया। रथयात्रा चौराहे से लेकर निकलकर गिरजाघर तक जाने के दौरान अखिलेश यादव ने बीच-बीच में त्रिशूल और डमरू कई बार बाहर निकाला।
होली का त्योहार भी इसी महीने हैं और इससे पहले चुनाव को लेकर भी हर कोई उत्साहित हैं। यहीं कारण है कि शुक्रवार को समाजवादी विजय यात्रा के दौरान होली से पहले ही सपा कार्यकर्ताओं ने काशी में दीवाली बनाई। विजय यात्रा के दौरान रथयात्रा से लेकर गिरजाघर तक आतिशबाजी भी खूब हुई। इसको देख अखिलेश यादव भी गदगद दिखे। उन्होंने भी समर्थकों के इस उत्साह का पूरा समर्थन किया और हाथ उठाकर उनका अभिवादन किया।