मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के जमुई बाजार में पुलिस बूथ से चंद कदम की दूरी पर वाराणसी—मिर्जापुर राष्ट्रीय मार्ग-7 पर सोमवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार 10 वर्षीय बालक की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, दादा घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पुलिस ने चालक को पकड़कर ट्रक को थाने में खड़ा करा दिया।
सप्ताहभर में जमुई बाजार में दूसरी घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बाजार के विकास पटेल, अशोक पाल सिंह, राज कुमार गुप्ता, मोती लाल सुनील कुमार यादव का कहना है कि सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण व आटो चालकों द्वारा बेतरतीब पार्किंग की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस बूथ पर 24 घंटे पुलिस मौजूद होने के बावजूद अतिक्रमणकारियों पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है।