आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. बीआर मित्तल।
- फोटो : अमर उजाला।
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. बीआर मित्तल ने विश्वविद्यालय में अपने 15 महीने 20 दिन की सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कुलपति को भेजे ई मेल में उन्होंने खुद को 18 अप्रैल के पहले कार्यमुक्त करने की सिफारिश भी की है। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने उनके इस्तीफे को स्वीकार लिया है।
इसके बाद आईएमएस में मॉडर्न मेडिसिन फैकल्टी के डीन को कार्यवाहक निदेशक का चार्ज दिया जा सकता है। पीजीआई चंडीगढ़ के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष रहे प्रो. बीआर मित्तल ने निदेशक का पदभार 15 दिसंबर 2020 को संभाला था। आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा दिए जाने के फैसले के बाद वे पहले निदेशक बने थे।
प्रो. मित्तल ने बताया कि उन्होंने कुलपति को इस्तीफा भेजा है। अचानक यह कदम क्यों उठाना पड़ा, इस पर प्रो. मित्तल कुछ भी नहीं बोले। आईएमएस निदेशक ने कुलपति को भेजे इस्तीफे में वैसे तो व्यक्तिगत कारण ही लिखा है, लेकिन उनके इस कदम को लेकर बुधवार को आईएमएस के साथ ही पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोग वर्तमान व्यवस्था में कामकाज करने में प्रो. मित्तल के असहज होने की चर्चा करते नजर आए।