अफसरों की नींद टूटी, डीएसओ पहुंचे पहड़िया मंडी
आसमान छू रहे प्याज के दाम को नियंत्रित करने के लिए अब अफसरों की भी नींद टूटी है। सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी दीपक वार्ष्णेय ने पहड़िया मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्याज के आढ़तियों से प्याज के थोक और फुटकर रेट की जानकारी ली।
बढ़ते दाम को नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाकर मंडी सहित अन्य स्थानों पर सस्ते दर पर प्याज बेचने के लिए स्टाल लगाए जाएंगे। जो प्याज की कालाबाजारी करेगा, उनके प्रतिष्ठान और गोदाम पर छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग जगह अलग-अलग दाम
सामने घाट पर सब्जी विक्रेता चनारी देवी ने बताया कि चार दिन पहले वह 70 रुपये किलो प्याज बेच रही थी, लेकिन सोमवार को सौ रुपये किलो की दर से बेची। बिक्री न होने के कारण प्याज कम ला रहे हैं।
सोमवार को 90 रुपये किलो की दर से प्याज बेचा। मौजूदा समय में प्याज का धंधा घाटे का है। रामनगर में पुरानी प्याज 85 रुपये किलो और छोटी प्याज 70 रुपये किलो की दर से बिकी। -धीरज कुमार, सब्जी विक्रेता, गायत्री नगर कॉलोनी, वरुणा पार