वाराणसी। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) में तैयार भिंडी, टमाटर लोबिया सहित नौ प्रकार की सब्जियों के बीज किसानों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए आईआईवीआर ने पांच निजी कंपनियों से करार किया है। इसमें वाराणसी, मऊ, औरंगाबाद, हैदराबाद और कोलकाता की कंपनियां शामिल हैं।
आईआईवीआर के निदेशक डॉ. तुषार कांति बेहेरा ने बताया कि बीते दिनों 50 बीज कंपनियों के साथ बैठक हुई थी। इनमें से पांच कंपनियों के साथ करार किया गया है। मऊ की एक कंपनी को लोबिया की काशी निधि, भिंडी की लालिमा प्रजाति, महाराष्ट्र के औरंगाबाद की कंपनी को मूली, गाजर और पालक के बीज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हैदराबाद की कंपनी को काशी कंचन प्रजाति की लोबिया, कोलकाता को काशी अमन प्रजाति का टमाटर और वाराणसी की कंपनी को काशी चमन प्रजाति की भिंडी, काशी राजहंश राजमा के प्रचार-प्रसार के लिए चुना गया है। दो माह बाद कंपनियां बीजों के प्रचार प्रसार कार्य किसानों के बीच शुरू करेंगी।