आईआईटी बीएचयू में एआई, पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रांसपोर्ट इंजीनियरिंग सहित 100 से ज्यादा विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पद के लिए नियुक्तियां होंगी। ये सभी आरक्षित वर्ग के होंगे। यानी एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस सहित दिव्यांग वर्ग के लोगों को मौका दिया गया है।
ऑनलाइन आवेदन मंगलवार से शुरू हो गए। https://facultyrecruitment.iitbhu.ac.in/ पर लॉगिन कर 22 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है। प्रोफेसर के लिए 10 वर्ष और एसोसिएट प्रोफेसर के लिए छह वर्ष का अनुभव चाहिए। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड 1 और ग्रेड 2 में अनुभव की जरूरत नहीं है। हालांकि, उम्र 35 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
इन ब्रांचों में होगी नियुक्तियां
आईआईटी बीएचयू के 18 ब्रांच में ये नियुक्तियां होंगी। इसमें वास्तुकला, योजना एवं डिजाइन, सिरेमिक इंजीनियरिंग, रासायनिक इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग, माइनिंग इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी, रसायन विज्ञान, गणितीय विज्ञान, भौतिकी और मानवतावादी अध्ययन, बायो केमेस्ट्री इंजीनियरिंग, बायो चिकित्सा इंजीनियरिंग और मैटेरियल साइंस और प्रौद्योगिकी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें; UP News: किसान सम्मान निधि दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, महिला से आठ बिस्वा भूमि का करा लिया इकरारनामा
आईएमएस बीएचयू में इसी महीने मिलेंगे 100 से अधिक सीनियर रेजिडेंट
आईएमएस बीएचयू के विभागों को 100 से अधिक सीनियर रेजिडेंट इसी महीने मिलने वाले हैं। पिछले दिनों इसके लिए जो परीक्षा करवाई गई थी, उसका परिणाम 21 नवंबर को जारी कर दिया गया। अब मंगलवार से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आईएमएस निदेशक कार्यालय परिसर के कमेटी रूम में मंगलवार को संबंधित अभ्यर्थी अपने प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचे। यहां उन्होने प्रमाण पत्रों की जांच करवाई और साक्षात्कार की प्रक्रिया में शामिल हुए।
आईएमएस बीएचयू की वेबसाइट पर जारी इस सूची में स्त्री रोगविभाग, जीरियाट्रिक विभाग, एनेस्थीसिया, बायोकेमिस्ट्री, कम्यूनिटी मेडिसिन, इंडोक्राइनोलॉजी, फारेंसिक मेडिसिन विभाग के साथ ही आयुर्वेद संकाय के विभागों के लिए साक्षात्कार में योग्य अभ्यर्थियों का नाम शामिल है। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी महीने विभागवार सीनियर रेजिडेंट की तैनाती कर दी जाएगी। इसके बाद दूर दराज से आने वाले मरीजों को इलाज में भी सहूलियत होगी।