वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में कैंपस बंटवारे का मामला गरमाता जा रहा है। आईआईटी बीएचयू और बीएचयू के बीच दीवार को लेकर छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को हजारों की संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए।
आईआईटी बीएचयू में छात्रा संग छेड़खानी के बाद परिसर में दीवार बनाए जाने के फैसले पर रार बढ़ती जा रही है। शनिवार को इसका विरोध और तेज हो गया। बीएचयू के छात्रों ने विश्वविद्यालय का झंडा और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की तस्वीर लेकर परिसर में मार्च निकाला। संकायों, विभागों में पहुंचकर छात्रों ने कक्षाएं ठप करवा दीं। उधर सिंह द्वार पर छात्राओं का धरना भी रात भर जारी रहा। छात्राओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उन पर कड़ी कार्रवाई किए जाने और विश्वविद्यालय में दीवार बनवाने के फैसले को वापस लेने की मांग की।
शनिवार की सुबह 10 बजे से छात्र परिसर स्थित छात्रसंघ भवन पर जुटने लगे थे। यहां से निकलकर दृश्य कला संकाय, विधि संकाय, कला संकाय, समाज विज्ञान संकाय, वाणिज्य संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान सहित अन्य संकायों में पहुंचे। यहां विश्वविद्यालय परिसर में दीवार बनवाने के फैसले के विरोध में कक्षाएं बंद करा दीं। छात्रों के समर्थन में शिक्षक भी कक्षाओं से निकलकर बाहर आ गए। छात्र मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बीएचयू का विभाजन छात्रों को बर्दाश्त नहीं होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को इस प्रकरण पर तत्काल प्रभाव से स्पष्टीकरण देना चाहिए। सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख कौशल किशोर मिश्रा ने भी छात्रों का समर्थन किया है।
सेफ जोन में बेरोकटोक घूमते हैं बाहरी युवक
आईआईटी बीएचयू परिसर में बुधवार की आधी रात हुई घटना से संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। चीफ प्रॉक्टर समेत पांच प्रॉक्टर, चार सुरक्षा अधिकारी और 200 से अधिक सुरक्षाकर्मियों के होने के बाद भी शाम होते ही बेरोकटोक बाहरी युवक परिसर में नजर आते हैं। विश्वविद्यालय परिसर में कृषि विज्ञान संस्थान के डेयरी फार्म के पास, कर्मन वीर बाबा मंदिर, इसके आसपास बनी काॅलोनियों वाले मार्ग पर दिन में ही सन्नाटे जैसा माहौल रहता है। बाहरी युवक इसे सेफ जोन मानते हैं। अगर सुरक्षाकर्मी यहां मुस्तैद रहते तो शायद ये घटना नहीं होती।
आईआईटी परिसर में लगने लगी एलईडी लाइट
आईआईटी बीएचयू परिसर में छात्रा संग छेड़खानी की घटना के बाद करमन वीर बाबा मंदिर वाली लेन सहित कई जगहों पर पेड़ों पर एलईडी लाइट लगने लगी है। शनिवार को घटना स्थल पर लाइट लगाने के साथ ही खराब कैमरों को भी सही करने में कर्मचारी लगे रहे। यहां पेड़ों पर ऊंचाई पर एलईडी लाइट इस कारण लगवाई जा रही है ताकि रात में पर्याप्त रोशनी हो।
हर चेक पोस्ट पर पुलिस तैनात, हेल्पलाइन नंबर भी चस्पा
आईआईटी बीएचयू परिसर में चीफ प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से बनवाए गए चेक पोस्ट पर सुरक्षाकर्मियों के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। शनिवार को परिसर में हर चेक पोस्ट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। यही नहीं, हेल्पलाइन नंबर वाली सूची भी चस्पा करा दी गई। इसमें बीएचयू और आईआईटी बीएचयू चीफ प्रॉक्टर आफिस के कंट्रोल रूम, बीएचयू चौकी प्रभारी, बुमेन हेल्पलाइन नंबर, सिटी कंट्रोल रूम, एसीपी भेलूपुर, एसओ लंका के नंबर लिखे हैं।