आईआईटी बीएचयू के छात्र अब दो टेस्ट की बजाए एक टेस्ट देंगे। सेमेस्टर परीक्षा से इतर संस्थान में होने वाले दो पीरियॉडिकल टेस्ट न होकर अब एक ही होगा। सेमेस्टर से पहले ये मिड टर्म एग्जाम होंगे।
ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकि सेमेस्टर से पहले दो टेस्ट देने के चलते छात्र-छात्राओं पर होने वाले पढ़ाई के बोझ को कम किया जा सके। यह व्यवस्था अगले सत्र से लागू कर दी जाएगी।
पिछले दिनों आईआईटी बीएचयू की सीनेट की बैठक में ये अहम फैसला लिया गया है। बता दें कि सेमेस्टर परीक्षा के साथ-साथ आईआईटियंस को दो पीरियॉडिकल टेस्ट देने होते हैं। ये टेस्ट 15-30 अंकों के होते हैं।
ये अंक सेमेस्टर परीक्षा की मार्किंग में जोड़े जाते हैं। कुलसचिव डॉ. एसपी माथुर ने बताया कि एक मिड टर्म एग्जाम की व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि छात्र-छात्राओं पर से बोझ कम हो।
इससे परीक्षा और मूल्यांकन में लगने वाले समय की बचत भी होगी। बताया कि मिड टर्म की मार्किंग पूर्व की तरह ही होगी।
बीफार्मा नहीं अब बीटेक इन फार्मा
आईआईटी बीएचयू में संचालित पाठ्यक्रम बी. फार्मा और एम. फार्मा अब नए नाम से जाना जाएगा। बी. फार्मा अब बीटेक इन फार्मेसी इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी और एम. फार्म अब एमटेक इन फार्मेसी इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी हो गया है।