इग्नू का पूर्वांचल के 19 जिलों में 58 अध्ययन केंद्रों के बाद अब गाजीपुर में एक विशेष अध्ययन केंद्र खोल रहा है। 17 जून को इसका उद्घाटन मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह करेंगे। विशेष आमंत्रित अतिथि के रुप में इग्नू कुलसचिव प्रो. जितेंद्र श्रीवास्तव, निदेशक डॉ. एम शन्मुगम नई दिल्ली से मौजूद रहेंगे।
विश्वविद्यालय में चलने वाले पाठ्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को मिले और ग्रामीण इलाकों के लोगों को भटकना न पड़े, इस उद्देश्य के साथ कई तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
अब गाजीपुर के पक्खनपुर में जुलाई माह से नया विशेष अध्ययन केंद्र खोला जा रहा है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ.एएन त्रिपाठी ने बताया कि अध्ययन केंद्र के माध्यम से ऐसे लोग जो अब तक स्कूली शिक्षा नहीं प्राप्त कर सके हैं और उच्च शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं, उनके लिए विशेष पाठ्यक्रम भी चलाया जाएगा। बीपीपी(बैचलर प्रीपेरेटरी कार्यक्रम) के माध्यम से ऐसे लोग अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। इसके अलावा अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी चलाए जाएंगे।