एक महिला अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में पकड़ी गई तो महिला को उसके पति ने तलाक दे दिया। घटना के बाद महिला अपने प्रेमी के घर रहने के लिए पहुंची तो प्रेमी ने भी उसे साथ रखने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस के दबाव पर प्रेमी निकाह के लिए राजी हो गया। मामला यूपी के मऊ जिले का है।
जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात महिला को लोगों ने उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में पकड़ा। इस दौरान गांव के लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
जहां पूरी रात दोनों कोतवाली में रहे। शुक्रवार को महिला की हरकत की जानकारी होने पर उसके पति ने उसे तलाक दे दिया। इस पर महिला ने युवक के विरूद्ध पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें पीड़िता ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
जबकि गांव के लोगों ने दोनों का निकाह कराने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया। पुलिस ने ऐसा करने से इंकार कर दिया और शुक्रवार को दोनों को छोड़ दिया। शनिवार को महिला अपनी दो वर्षीया पुत्री को लेकर युवक के घर रहने के लिए पहुंची। इस पर युवक और उसके परिवार के लोगों ने उसे अपनाने से इंकार कर दिया। इस पर पंचायत शुरू हो गई।
बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक पर निकाह करने के लिए दबाव बनाया। पुलिस के दबाव पर युवक निकाह के लिए राजी हो गया लेकिन इस्लाम के कानून के अनुसार निकाह तीन माह तेरह दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। देर शाम महिला रोते हुए अपने मायके वापस चली गई।