संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री, आचार्य की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार की देर शाम तक पहले दिन पूर्वांचल समेत आसपास के जिलों के सौ केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराई गईं। वहीं कॉपी जमा करने के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन नहीं किया गया।
सोमवार को पाणिनी भवन में सुबह से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। जगह कम होने के कारण भीड़ अधिक होने से शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा सका। पाणिनी भवन जगह कम होने के कारण कापी जमा करने में केंद्रों के प्रतिनिधियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं दूसरी तरफ कोविड-19 के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूबे के बाहर के केंद्रों को पंजीकृत डाक से लिखित उत्तर पुस्तिकाएं पंजीकृत डाक से भेजने का निर्देश दिया है। सूबे के केंद्रों को 18 अगस्त तक लिखित उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजनाथ ने बताया कि 17 अगस्त को 113 केंद्रों को तथा 18 अगस्त को 91 केंद्रों को लिखित उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाने का समय दिया गया है।