गणेश धाम कॉलोनी निवासी पूर्णिमा मिश्रा ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में हो रही वृद्धि से खर्च चलना मुश्किल होगा। बढ़ते दामों के चलते जीवन यापन के लिए जरूरी सामानों को कम करना पड़ रहा है। सुंदरपुर की किरण ने कहा कि सिलिंडर की कीमतों में वृद्धि होने से रसोई के बजट में बिगड़ गया है। पहले से ही बजट को किसी तरह से चलाया जा रहा था, अब समझ नहीं आ रहा है क्या सामान खरीदूं या छोड़ूं।
शिवपुर की मीनू शर्मा ने कहा कि गैस सिलिंडरों के दाम बढ़ने से महंगाई भी बढ़ेगी। महंगाई के कारण रोजमर्रा की चीजों में भी कटौती करनी पड़ रही है। सरकार से अपील है कि इसका दाम जल्द ही कम किया जाए। वहीं कमच्छा की गजाला ने कहा कि अगले महीने रमजान का महीना शुरू होने वाला है। उस समय रसोई में रोज विभिन्न प्रकार की पकवान बनाए जाते हैं। लेकिन सिलिंडर के दाम बढ़ने से बजट बिगड़ जाएगा।
बनारसी व्यंजन कचौड़ी-जलेबी के साथ ही चाट, पकौड़े के दाम भी दस से बीस फीसदी तक बढ़ गए हैं। चौक स्थित रेशम कटरा के पास मिष्ठान भंडार के संचालक श्रीप्रकाश ने बताया कि खाद्य तेल की कीमतों में वृद्धि के चलते जलेबी समोसा के दामों में वृद्धि हुई है। पहले से खाद्य तेलों में डेढ़ गुना की वृद्धि हुई है, इससे खाने वाली चीजों में वृद्धि है।
खाने पीने वाली चीजों की दामों में वृद्धि पर एक नजर
- समोसा 7 रुपये प्रति एक पीस अब 9 रुपये रुपये प्रति एक पीस
- छोला समोसा 15 रुपये में एक प्लेट अब 20 रुपये में एक प्लेट
- पूड़ी, कचौड़ी 7 रुपये प्रति एक पीस अब 9 रुपये प्रति एक पीस
- जलेबी 120 प्रति किलो ग्राम अब 140 प्रति किलो ग्राम
- लड्डू 180 प्रति किलो ग्राम अब 200 प्रति किलो ग्राम