वाराणसी। जिले में बृहस्पतिवार को अलग अलग जगहों से संक्रमित मरीजो के परिजनों और संपर्क वालों के साथ ही कुल 174 सैम्पल लिए गए। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि अब तक 5329 सैंपल भेजे जा चुके हैं, जिसमें 4789 का परिणाम आ चुका है। अब 540 सैंपल का परिणाम आना बाकी है। बताया कि बृहस्पतिवार को बीएचयू लैब से 55 परिणाम आए, जिसमें 53 लोगो के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव है।
-होम क्वारंटीन लोगों से घर में ही रहने की अपील
बृहस्पतिवार दोपहर में सीएमओ कार्यालय से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्साधिकारियों की टीम निकली। शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने हॉट स्पॉट के अलावा अन्य जगहों पर भी लोगों की जांच की गई। इस दौरान घरों में मौजूद 10 साल से कम उम्र के बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की अपील लोगों से की।
अस्पतालों में पहुंचे एसडीएम, सीएमओ ने देखी व्यवस्था
एसडीएम प्रमोद पांडेय और सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बृहस्पतिवार को जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा के साथ ही रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का दौरा कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम ने कोरोना संक्रमण के दौर में अस्पताल में आने वाले मरीजों का हर संभव बेहतर इलाज करने के साथ ही उन्हें जागरूक करते रहने का निर्देश भी अधिकारियों को दिए। एमसीएच विंग में हॉटस्पॉट सहित अन्य जगहों से आने वाली गर्भवती महिलाओं के जांच और इलाज के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान एनटीसीपी जिला सलाहकार डॉ. सौरभ प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।