1800 मीटर लंबी दूरी की रेस में 32 घोड़े हुए शामिल
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के बड़ागांव ब्लाक के अकोढ़ा गांव में चल रही दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कुश्ती के बाद सोमवार को लोगों ने घुड़दौड़ का आनंद उठाया। घुड़दौड़ प्रतियोगिता में दूरदराज से आए कुल 70 घोड़ों का ट्रायल हुआ, जिसमें 32 घोड़े चयनित हुए। प्रतियोगिता में पिछले साल की तरह इस बार भी देवरिया के ‘बादल’ ने बाजी मार ली।
घोड़ों की दौड़ देखने के लिए सुबह से ही आस-पास के गांवों के लोगों की भीड़ जुट गई थी। 1800 मीटर की दौड़ शेर अली के घोड़े बादल ने सबसे पहले पूरी कर प्रथम पुरस्कार जीत लिया।
शेर अली को प्रतियोगिता के आयोजक व व्यवसायी गोपाल सिंह ने स्पोर्ट्स बाइक और 21000 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दूसरे स्थान पर इलाहाबाद के जमाल प्रधान के घोड़े राजा ने बाजी मारी। जमाल प्रधान को आयोजक नीरज और पंकज सिंह ने 11000 रुपये और फ्रीज इनाम में दिया। वही, तीसरे स्थान पर मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी योग के घोड़े ने बाजी मारी, जिसे इनाम के रूप में 5100 रुपये और एक एलईडी टीवी दी गई।
बाकी प्रतिभागियों को 2500 रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान मुंबई के उद्योगपति गोपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन कमेंट्री करने वाले नौशाद खान को मुंबई के व्यवसायी संतोष सिंह ने 50 हजार रुपये कीमत की मांट ब्लेंक पेन भेंट की।