सोनभद्र जिले के महलपुर गांव में सोमवार को बालू लेने गए ट्रकों के बीच में ढाई घंटे तक एक एंबुलेंस के जाम में फंसने से नवजात की मौत हो गई। इससे गुस्साए घरवालों ने चोपन बैरियर के समीप सिंदुरिया मार्ग पर नवजात का शव रख कर चक्काजाम कर दिया।
सेमिया की चंदा (34) पत्नी कमलेश का मायका लमसरई मध्य प्रदेश में है। वर्तमान में वह अपने मायके में थी। रविवार की रात में उपस्वास्थ्य केंद्र लमसरई में चंदा ने बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टर ने बच्चे की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया।
घरवाले सोमवार की अलसुबह जच्चा बच्चा को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए। लेकिन महलपुर के समीप ट्रकों के बेतरतीब खड़ा होने से एंबुलेंस जाम में फंस गई। आधा घंटा तक जाम से न निकल पाने पर एंबुलेंस कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे जुगैल थाना प्रभारी अभय सिंह ने कड़ी मशक्त कर करीब दो घंटे बाद सुबह10 बजे एंबुलेंस को बाहर निकलवाया और सीएचसी चोपन भेजा। यहां डॉक्टर ने बच्चे को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
सुबह करीब साढ़े दस बजे अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों के साथ घरवालों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे चोपन थानाध्यक्ष शैलेश राय ने आश्वासन दिया कि जाम लगने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद लोग सड़क से हटे।