अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी और अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल महिला की हालचाल पूछते।
- फोटो : अमर उजाला।
वाराणसी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री आगमन की तैयारियों का निरीक्षण करने अधिकारियों की टीम निकली थी। इसी दौरान घाट के पास फूल माला की दुकान पर अधिकारियों की गाड़ी रुकी। गाड़ी से उतर कर अधिकारी की टीम दुकान की ओर बढ़ रही थी। उधर दुकान पर बैठी बुजुर्ग महिला भी टकटकी लगाए सोच में पड़ी थी। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि अधिकारियों की टीम आज उनके पास कुशलक्षेम पूछने और माला खरीदने आ रही है। जैसे ही अधिकारियों ने उनका हालचाल जाना और माला खरीदी तो महिला भावुक हो गई।
दुकान पर बैठी महिला आशा को यह विश्वास नहीं हो रहा था कि उसकी छोटी सी फूल, माला की दुकान पर प्रदेश के बड़े अधिकारी आएंगे। कोरोना काल में फूल, माला, दीपक की बिक्री ठीक न होने की वजह से निराश आशा के पास शुक्रवार को जब अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी और अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल की गाड़ी रुकी तो वह चौंक गईं।