हैलो, हाउ आर यूू....वी आर फाइन, थैंक्यू सर...गुड मॉर्निंग... ये संवाद किसी निजी कॉन्वेंट स्कूल का नहीं बल्कि शिवपुर स्थित कस्तूरबा विद्यालय में हुआ। मंगलवार को अचानक आयुक्त दीपक अग्रवाल यहां पहुंचे तो बच्चों ने कुछ इसी अंदाज में उनका स्वागत किया। अपने बीच अधिकारी को पाकर बच्चे खुशी से फूले नहीं समा रहे थे।
एक-एक कर जब आयुक्त दीपक अग्रवाल ने बच्चों से कोरोना काल में पढ़ाई से जुडे़ सवाल पूछने शुरू किए तो बच्चों ने भी बखूबी जवाब दिए। कक्षा में पहुंचने पर जैसे ही आयुक्त ने बच्चों को हैलो बोला तो, सभी ने एक स्वर में जवाब दिया, गुड मार्निंग सर। बच्चों से पूछा हाउ आर यू तो जवाब दिया कि वी आर फाइन सर, हाउ आर यू सर। आयुक्त ने 20 मिनट तक छात्राओं से उनके पठन-पाठन व हॉस्टल की सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि कक्षा छह और सात में सामाजिक विज्ञान के शिक्षक नहीं होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। जिस पर उन्होंने बीएसए राकेश सिंह को जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवासीय बालिका विद्यालय कैंपस में छात्राओं के खेलने के लिए बास्केटबॉल कोर्ट बनवाने का निर्देश दिया। कमिश्नर ने आकांक्षा समिति की ओर से कस्तूरबा बालिका विद्यालय व ट्रांजिट विद्यालय की छात्राओं को खाद्य सामग्री का वितरण किया।