वाराणसी। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक में रविवार को पदाधिकारियों के सामने जमकर हंगामा हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी के जाते ही सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। बिना बुलाए ही बैठक में कुछ सदस्यों के पहुंचने पर आपत्ति जताते हुए हंगामा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, तब जाकर सब शांत हुआ। उधर बैठक में आनलाइन दवा कारोबार पर रोक लगाने की सर्वसम्मति से मांग की गई।
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी पहुंचे थे। करीब घंटे भर रहने के बाद जैसे ही वह बैठक से निकले, हंगामा शुरू हो गया। कुछ सदस्यों का कहना था कि ऐसे लोग भी बैठक में आ गए हैं, जिनका फेडरेशन से कोई संबंध नहीं है। यहीं नहीं उन्हें बुलाया भी नहीं गया था। इसको लेकर मामला नोकझोंक तक पहुंच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को रफा-दफा कराया। इससे पहले राज्यमंत्री ने दवा कारोबारियों से सीएए के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया। कहा कि जिन लोगों के मन में इसको लेकर भ्रांतियां हैं, उसे दूर करने की जरूरत है। साथ ही कारोबारियों की समस्याओं के बाबत जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही। बैठक में सदस्यों ने आनलाइन दवा कारोबार बंद न होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया। प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कहा कि ऑनलाइन बिकने वाली दवाएं 20 से 25 प्रतिशत सस्ती जरूर होती हैं, लेकिन यह खतरा बराबर बना रहता है कि दवा सही है या नकली। उन्होंने कहा कि दुकानों पर बिकने वाली दवाओं के लिए फार्मासिस्ट की अनिवार्यता जरूरी है। वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन बिकने वाली दवाएं डिलेवरीमैन के माध्यम से बेची जा रही हैं। ऐसे में सरकार एक ही ट्रेड में दो तरह के नियम लागू कर रही है। इस दौरान गिरिराज रस्तोगी, इब्राहिम, सुरेश गुप्ता, राजीव त्यागी, प्रेम अग्रवाल, प्रवीण पांडेय, गोपाल पांडेय, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
फेडरेशन के संगठन मंत्री निष्कासित
कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में संगठन मंत्री सुधीर अग्रवाल को निष्कासित कर दिया गया। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री संदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के इस कार्रवाई का सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से अनुमोदन भी कर दिया।