Varanasi News: वर्तमान में वाराणसी में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ीकरण करने के लिए और साथ ही जनपद के समस्त नागरिकों को उनके घर के नजदीक उच्चस्तरीय चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की दृष्टि से प्रत्येक सीएचसी पर डिजिटल एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउण्ड मशीन, लेप्रोस्कोपिक सेट व सी-आर्म मशीन की नितान्त आवश्यकता है, जिससे जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।
वाराणसी में उपलब्ध चिकित्सकीय व स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मरीजों के बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नवीन सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
विज्ञापन
इसके लिए जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की पहल पर सीएसआर फंड से जनपद को डिजिटल एक्स रे, अल्ट्रासाउंड, लेप्रोस्कोपिक व सी-आर्म मशीन को क्रय करने की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इन मशीनों को क्रय कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय व स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के लिए जोर दिया जा रहा है। इसके लिए केंद्रीय भंडारण निगम लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक को मांग पत्र भेजा गया था।
विज्ञापन
इन सभी मशीनों की उपलब्धता के लिए तीन करोड़ छह लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृति मिल चुकी है। इसमें 4 लेप्रोस्कोपिक, 5 अल्ट्रासाउंड, 5 डिजिटल एक्स रे और 4 सी-आर्म मशीन को क्रय करने की स्वीकृति मिली है।
इन मशीनों के चिह्नित सीएचसी पर लग जाने से मरीजों को घर के नजदीक ही उच्चस्तरीय चिकित्सकीय व स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।
सीएमओ ने कहा कि वाराणसी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है, जहां पर लगभग प्रतिदिन देश एवं विदेश के धार्मिक श्रद्धालुओं के साथ-साथ वीवीआईपी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का आगमन होता रहता है।
साथ ही वाराणसी पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग 15 जनपदों एवं पश्चिमी बिहार, उत्तरी झारखण्ड, उत्तरी मध्य प्रदेश के मरीज उपचार के लिए वाराणसी आते और संदर्भित किए जाते हैं।