निर्जलीकरण, चक्कर और उल्टी से पीड़ित पहुंचे लोग
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि विभिन्न घाटों पर स्थापित चिकित्सा शिविरों में कुल 142 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें निर्जलीकरण, माइग्रेन, गर्मी के कारण थकावट, तीव्र गैस्ट्राइटिस, उल्टी, चक्कर आने और सर्दी-जुकाम की शिकायत वाले लोग शामिल थे। चिकित्सकीय टीमों ने मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच की और प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बच्चे को पहुंचाया अस्पताल
एयर शो के दौरान नमो घाट पर एक बच्चा बीमार हो गया। चिकित्सा टीम ने मौके पर उसे प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। एंबुलेंस के जरिए बच्चे को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार दिया गया। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई से बच्चे को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए की गई थी व्यवस्था
सीएमओ ने बताया कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चिकित्सा शिविरों में जरूरी संसाधनों के साथ टीमों को तैनात किया गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे आयोजनों के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें और धूप व गर्मी से बचाव करें। अस्वस्थ महसूस होने पर निकटतम चिकित्सा शिविर में संपर्क करें। गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सा सहायता लेने में देरी न करें।